पटना में गंगा किनारे लंदन के तरह बनेगा फेरिस व्हील,अब लोग 131 फीट की ऊंचाई से देख सकेंगे शहर का नजारा,
Good News: बिहार में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। पटना स्मार्ट सिटी के द्वारा पटना के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। साथ ही कई नए परियोजनाओं को भी शामिल किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत एक और प्रोजेक्ट जोड़ा गया है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के द्वारा पटना में लंदन आई की तर्ज पर एक 131 फिट ऊंचा फेरिस व्हील का निर्माण होगा। इसका निर्माण रिवरफ़्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत किया जा रहा है।
बता दें कि,इस परियोजना के तहत शहर में गंगा नदी के तट पर सभ्यता द्वार के पास एक जायंट व्हील (गोलाकार चक्र) का निर्माण होग। यह चक्र लंदन में थेम्स नदी के किनारे बने फेमस ‘लंदन आई या मिलेनियम व्हील’ के तर्ज पर बनेगा। कुछ दिनों पहले पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड बोर्ड की बैठक हुई जिस में इसका प्रस्ताव लाया गया और इसे मंजूरी भी दे दी गयी। इस जायंट व्हील का नाम ‘पटना आई’ रखने का निर्णय लिया गया है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इसके निर्माण की जिम्मेदारी बिहार राज्य रोड विकास निगम लिमिटेड को दे दी है।
फेरिस व्हील का निर्माण जून 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य
इस व्हील की ऊंचाई 40 मीटर (लगभग 131 फीट) होगी। इस फेरिस व्हील का निर्माण जून 2024 तक पूरा कर दिया जाएगा और इस प्रोजेक्ट में करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट पटना के गंगा रिवरफ्रंट परियोजना का हिस्सा होगा। इसके निर्माण बिहार राज्य रोड विकास निगम लिमिटेड के द्वारा किया जाएगा।इस जायंट व्हील “पटना आई” से पटना शहर का काफी खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा।
पटना आई का सभ्यता द्वार के पास निर्माण होने से एक तरफ उफान मारती गंगा नदी देखी जा सकेगी, तो दूसरी ओर शहर का ऐतिहासिक गांधी मैदान एवं अन्य चीजे। इस फेरिस व्हील में कुल 20 बॉक्स होंगे जिसमें एक साथ 160 लोग बैठ सकेंगे और यह 60 डिग्री घूमेगा। 1.5 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से घूमने वाले इस व्हील के एक बॉक्स में आठ व्यक्ति बैठ सकेंगे। यह व्हील एक चक्कर लगाने में लगभग आधे घंटे का समय लेगा । इस दौरान शहर के लोग 131 फ़ीट की ऊंचाई से खूबसूरती को देख पाएंगे।